किसानों का हित सर्वोपरि,सुविधाओं में होगा विस्तार:विधायक
– सुगौली चीनी मिल महाप्रबंधक से मिलकर गन्ना किसानों के संदर्भ में हुई बात
सुगौली। स्थानीय विधायक राजेश कुमार उर्फ बब्लू गुप्ता ने शनिवार को एचपीसीएल चीनी मिल पहुंचकर महाप्रबंधक रमेश शुक्ला से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मिल के सुचारु संचालन, गन्ना किसानों की समस्याओं तथा आगामी विकास योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, गन्ने का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने तथा मिल की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने पर विशेष रूप से विचार-विमर्श हुआ। विधायक ने कहा कि क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में गन्ना किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है और उनकी समृद्धि ही क्षेत्र के विकास का मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए हर स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
साथ ही मिल प्रबंधन से किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया। महाप्रबंधक रमेश शुक्ला ने भी मिल प्रबंधन की ओर से किसानों के हितों के प्रति प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि मिल संचालन को बेहतर बनाने और किसानों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि किसानों की सुविधा और उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम प्रस्तावित हैं। बैठक का माहौल सकारात्मक रहा और किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि प्रदीप सर्राफ भाजपा नेता अवध पटेल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने किसान हित में मिल प्रबंधन और जनप्रतिनिधियों के समन्वय को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

