पंजिआरवा में फंदे से लटका मिला युवती का शव, क्षेत्र में सनसनी

पंजिआरवा में फंदे से लटका मिला युवती का शव, क्षेत्र में सनसनी
Facebook WhatsApp

-पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

सुगौली। थाना क्षेत्र के पंजिआरवा गांव में शनिवार की सुबह एक 18 वर्षीय युवती का शव कमरे में फंदे से लटका मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान गिन्नी पासवान की 18 वर्षीय पुत्री मुस्कान कुमारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार मुस्कान अपने कमरे में थी। शनिवार की सुबह काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिजनों को चिंता हुई। काफी आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों और आसपास के लोगों ने कमरे की जांच की। इस दौरान मुस्कान का शव फंदे से लटका मिला। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। बताया जाता है कि मृतका के पिता गिन्नी पासवान परिवार के भरण-पोषण के लिए अक्सर बाहर रहकर काम करते हैं।

घर पर बच्चों की देखभाल उनके बाबा और दादी करते हैं। गिन्नी पासवान के दो पुत्र और एक पुत्री थी, जिनमें मुस्कान सबसे बड़ी संतान बताई जा रही है।  घटना की सूचना पर सुगौली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिजनों तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई तथा पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया गया।

थानाध्यक्ष अनीश सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से पड़ताल कर रही है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page