विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में जुटी सरकार : श्रेयसी सिंह

विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में जुटी सरकार : श्रेयसी सिंह
Facebook WhatsApp

विकसित भारत के 12 वर्ष  विश्वास, विकास और जनकल्याण” विषयक संकल्प सम्मेलन 

रक्सौल। शहर के पंकज वाटिका में गुरुवार को “विकसित भारत के 12 वर्ष  विश्वास, विकास और जनकल्याण” विषयक संकल्प सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यवसायी, भाजपा कार्यकर्ता एवं आम नागरिक शामिल हुए।

सम्मेलन की अध्यक्षता शंभू चौरसिया ने की, जबकि संचालन अशोक कुमार पांडेय ने किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए बिहार सरकार की उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। केंद्र सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, किसान सम्मान निधि तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण में युवाओं, महिलाओं और उद्यमियों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई।

इस अवसर पर पश्चिमी चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सुशासन, पारदर्शिता और विकास का नया अध्याय लिखा है। उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक मंच पर एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। सांसद ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंच रहा है, जिससे जनता का सरकार पर विश्वास और मजबूत हुआ है।

विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की समन्वित प्रयासों से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से सरकार की योजनाओं का लाभ लेने और विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान रक्सौल चैंबर ऑफ कॉमर्स एवं व्यवसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और व्यापारिक हितों से जुड़ी मांगों को लेकर जनप्रतिनिधियों को एक मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में व्यापारिक सुविधाओं के विस्तार, सीमा क्षेत्र में आधारभूत संरचना के विकास, यातायात व्यवस्था में सुधार, व्यवसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान की मांग की गई। जनप्रतिनिधियों ने मांगों पर गंभीरता से विचार करने और संबंधित स्तर पर पहल करने का आश्वासन दिया।

सम्मेलन में वक्ताओं ने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अजय पटेल, गुड्डू खेतान, दिनेश धनौठिया, कन्हैया सर्राफ, कमलेश कुमार, मृत्युंजय सिंह रिंकू पाण्डेय सहित भाजपा के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यवसायी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page