प्रिंस यादव मौत मामला: नेपाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट से असंतुष्ट, विसरा रिपोर्ट का इंतजार

प्रिंस यादव मौत मामला: नेपाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट से असंतुष्ट, विसरा रिपोर्ट का इंतजार
Facebook WhatsApp

अररिया। नेपाल के विराटनगर स्थित शुभ होटल में प्रिंस कुमार यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले की जांच में नया मोड़ सामने आया है। मोरंग जिला पुलिस को प्राप्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट से संतुष्टि नहीं हुई है, जिसके बाद अब पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए विसरा रिपोर्ट का इंतजार शुरू कर दिया है।साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल विशेषज्ञों की राय लेने और मेडिकल बोर्ड गठित करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।

मोरंग जिला पुलिस के प्रवक्ता एवं पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) मर्केंद्र कुमार मिश्रा ने बुधवार को बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मंगलवार को पुलिस को मिल चुकी है, लेकिन इसमें मौत के कारणों को स्पष्ट रूप से हत्या के रूप में प्रमाणित नहीं किया गया है। इसी वजह से अब पुलिस ने विसरा रिपोर्ट को जांच में निर्णायक माना है।

उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मेडिकल सलाह लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और संबंधित स्तर पर मेडिकल बोर्ड गठन के लिए पत्राचार भी किया गया है।

हाई-प्रोफाइल इस मामले में पुलिस ने जांच को और सख्त करते हुए कई पहलुओं पर काम तेज कर दिया है। घटना के बाद होटल में प्रिंस यादव के साथ ठहरे चार लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें सहरसा निवासी अंकित कुमार यादव (25), रोशन कुमार यादव (27), लाटू यादव (21) और जयराम यादव (30) शामिल हैं। इसके अलावा एक नेपाली नागरिक को भी पूछताछ के लिए हिरासत में रखा गया है।पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि सभी आरोपितों की रिमांड अवधि बढ़ा दी गई है और उनसे लगातार पूछताछ जारी है। पुलिस के अनुसार मामले से जुड़े अतिरिक्त साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और हर संभावित पहलू से जांच की जा रही है। नेपाल-भारत सीमा की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए इस केस की जांच अत्यंत गंभीरता और सूक्ष्मता से की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि 2 जून को पटना में ज्ञान बिंदु कोचिंग और फैसल खान के खान ग्लोबल स्टडीज से जुड़े लोगों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद तोड़फोड़, आगजनी और गोलीबारी जैसी घटनाएं हुई थीं। इसी विवाद के बाद कई लोगों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे।

इसी क्रम में प्रिंस कुमार यादव और उनके साथी गिरफ्तारी के डर से नेपाल भाग गए थे और विराटनगर-10 स्थित शुभ होटल में कई दिनों से ठहरे हुए थे। इसी दौरान बीते शनिवार की रात उनकी होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। बाद में उन्हें न्यूरो अस्पताल ले जाया गया, जहां के चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।फिलहाल पुलिस विसरा रिपोर्ट और मेडिकल बोर्ड की राय का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत के कारणों पर अंतिम निष्कर्ष निकलने की संभावना जताई जा रही है।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page