राजकीय सम्मान के साथ दी गई आरके सिन्हा को अंतिम विदाई, बेटे ऋतुराज ने दी मुखाग्नि

राजकीय सम्मान के साथ दी गई आरके सिन्हा को अंतिम विदाई, बेटे ऋतुराज ने दी मुखाग्नि
Facebook WhatsApp

पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता, पूर्व राज्यसभा सदस्य और एसआईएस समूह के संस्थापक डॉ. रवीन्द्र किशोर सिन्हा का शनिवार शाम पांच बजे पटना के दीघा घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी गई। उनके पुत्र और भाजपा नेता ऋतुराज सिन्हा ने मुखाग्नि दी। डॉ. सिन्हा ने शुक्रवार को नोएडा स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली थी।

अंतिम संस्कार से पहले उनका पार्थिव शरीर पटना स्थित उनके ‘अन्नपूर्णा’ आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। यहां राजनीतिक और कारोबारी जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी ने भी आवास पहुंचकर उन्हें नमन किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने ऋतुराज सिन्हा से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।डॉ. सिन्हा के निधन पर राजनीतिक दलों की सीमाएं भी टूटती नजर आईं। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की पत्नी राबड़ी देवी भी उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचीं।

इसके अलावा केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और नित्यानंद राय, बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल, मिथिलेश तिवारी और विजय सिन्हा, विधायक संजीव चौरसिया तथा पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद सहित कई नेताओं ने उनके अंतिम दर्शन कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।

डॉ. आरके सिन्हा ने राजनीति के साथ कारोबारी जगत में भी अपनी अलग पहचान बनाई थी। वे एसआईएस ग्रुप के संस्थापक और चेयरमैन थे। सफल उद्यमी के साथ-साथ उन्होंने राज्यसभा सदस्य के रूप में भी सक्रिय भूमिका निभाई। उनके निधन से राजनीतिक और औद्योगिक जगत में शोक की लहर है।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page