गुजरात के वडोदरा में बस-ट्रक की टक्कर, सात की मौत, 26 घायल

गुजरात के वडोदरा में बस-ट्रक की टक्कर, सात की मौत, 26 घायल
Facebook WhatsApp

वडोदरा। गुजरात के वडोदरा शहर स्थित कोटंबी स्टेडियम के पास बुधवार तड़के करीब 4 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। राजस्थान के बांसवाड़ा से सूरत जा रही बस सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई।हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 यात्री घायल हैं। सभी घायलों को वडोदरा के एसएसजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद बस में कई यात्री फंस गए थे। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), वडोदरा फायर विभाग, पुलिस तथा अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचा और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

एनडीआरएफ की 6वीं बटालियन के कमांडेंट सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह 4:40 बजे कंट्रोल रूम से बस और ट्रक की टक्कर की सूचना मिली थी। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद कटर मशीन और अन्य अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया तथा बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।

वडोदरा के उप महापौर आदित्य पटेल ने बताया कि तड़के चार बजे के आसपास यह दुर्घटना हुई। सूचना मिलते ही बचाव दल और डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची। मामूली रूप से घायल लोगों को घटनास्थल पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि गंभीर घायलों को एसएसजी अस्पताल भेजा गया।

उन्होंने बताया कि करीब 26 गंभीर घायलों का उपचार जारी है। इनमें से एक मरीज की हालत अत्यंत नाजुक बताई जा रही है और उसे आईसीयू में शिफ्ट करने की प्रक्रिया चल रही है।

हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों में विनोद नरेश डामोर (30), मुकेश जीवाजी डिंडोर (34), प्रीत हितेश भाटिया (9), महेंद्रकुमार भोगीलाल पंड्या (68), पिंकी भाटिया (36), हरजींगभाई वालजीभाई कटारा (30) शामिल हैं। इसके अलावा एक मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page