दक्षिणी छपरा बहास में अतिक्रमण पर प्रशासन का चला बुलडोजर, मचा हड़कंप
सुगौली। प्रखंड के दक्षिणी छपरा बहास-सुगौली बायपास रोड में छपरा बहास बाजार क्षेत्र में रविवार को प्रशासन की टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।इस दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।अंचलाधिकारी सह दंडाधिकारी कुंदन कुमार,थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल के साथ सुबह से ही जेसीबी मशीन तथा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पहुंचने से लोगों की भीड़ जमा हो गई।
कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में उत्सुकता के साथ-साथ चर्चा का माहौल बना रहा। जानकारी के अनुसार फुलवरिया,ढाका निवासी विजय कुमार जायसवाल द्वारा भूमि अतिक्रमण को लेकर न्यायालय में वाद दायर किया गया था। मामले में सुनवाई के बाद न्यायालय के आदेश पर प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। इस मामले में मुश्ताक अंसारी उर्फ जंगली मियां, शेख मंतजीत मियां,अली हुसैन देवान तथा शेख हासिम सहित चार लोगों को पक्षकार बनाया गया था।
न्यायालय के आदेश के आलोक में अंचल प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में स्थल पर पहुंच कर भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने की कार्रवाई की। जेसीबी मशीन की सहायता से कथित अतिक्रमण को हटाया गया। मौके पर अंचलाधिकारी सह दंडाधिकारी,थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह,राजस्व कर्मी यशवंत कुमार एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित थे।

