लालपरसा में रिंग बांध मरम्मती को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
सुगौली। प्रखंड के सुकुल पाकड़ पंचायत अंतर्गत लालपरसा धूमनी टोला में चल रहे रिंग बांध मरम्मत कार्य को लेकर ग्रामीणों में असंतोष व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि मरम्मत कार्य में गुणवत्ता और आवश्यक मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। बताया जाता है कि रूपम कुमारी कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से उनके पति राजीव कुमार के नेतृत्व में कार्य कराया जा रहा है।
कार्यस्थल पर केवल पाइलिंग का काम किए जाने की बात कही जा रही है जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी किनारे बांध निर्माण नहीं होने से यह कार्य अधूरा और अप्रभावी साबित होगा। ग्रामीणों के अनुसार यदि नदी किनारे मजबूत बांध का निर्माण नहीं किया गया तो बरसात के दौरान नदी का पानी बाहर निकलकर फसलों,सड़कों और आवासीय क्षेत्रों में भारी तबाही मचा सकता है। उनका कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च कर केवल पाइलिंग कराने का कोई औचित्य नहीं है। क्योंकि नदी में पानी बढ़ने पर बाढ़ का पानी बाहर निकल पूर्व की तरह लोगों को भारी क्षति पहुंचाएगा। इससे सरकारी राशि का नुकसान होने के साथ-साथ क्षेत्र की जनता को भी बाढ़ की विभीषिका झेलनी पड़ेगी। इस संबंध में ठेकेदार पक्ष का कहना है कि नदी किनारे बांध निर्माण के लिए अब तक राशि उपलब्ध नहीं कराई गई है।
बावजूद इसके उपलब्ध संसाधनों के आधार पर कार्य कराने का प्रयास किया जा रहा है। पूर्व मुखिया ब्रह्मदेव सहनी एवं सरपंच ओमप्रकाश सिंह ने भी कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग पिछले दस वर्षों से लगातार बाढ़ की मार झेलते आ रहे हैं। ऐसे में रिंग बांध मरम्मत कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से स्थल निरीक्षण कर मानक के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित कराने की मांग की है।

