बिहार में वज्रपात से नौ लोगों की मौत
-मुख्यमंत्री ने जतायी गहरी शोक-संवेदना,
-मृतक के आश्रितों को तत्काल चार-चार लाख रुपये अनुग्रह राशि देने के दिये निर्देश
पटना। पटना,खगड़िया, रोहतास, औरंगाबाद, कैमूर, छपरा व गया समेत 20 जिलों में शुक्रवार की सुबह तेज आंधी के साथ बारिश हुई। चारो तरफ अंधेरा छा गया। वज्रपात के कारण अलग-अलग जिलों में नौ लोगों की मौत हो गयी। वज्रपात से औरंगाबाद में 02, गया में 03, सारण में 1 और खगड़िया में 1 और पटना में 02 लोगों की जान चली गयी।
मौसम विभाग ने सभी जिलों के लिए अलर्ट भी जारी किया था। वहीं, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वज्रपात से लोगों की हुई मौत पर गहरी शोक-संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने साथ ही मृतक के आश्रितों को तत्काल चार-चार लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान देने निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में वे प्रभावित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने लोगों से खराब मौसम में पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है। कहा कि खराब मौसम होने पर आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी सुझाव का अनुपालन करें और घरों में सुरिक्षत रहे।

