ईश्वरीय सेवा अर्थ माउंट आबू से निकला व्यसन मुक्ति रथ अरेराज पहुंचा, भव्य स्वागत
अरेराज। व्यसनमुक्त समाज के निर्माण और जन-जन तक परमात्मा अवतरण का आध्यात्मिक संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से माउंट आबू से रवाना हुआ सुसज्जित व्यसन मुक्ति जागरूकता रथ बुधवार को प्राचीन अरेराज धाम पहुंचा। रथ के अरेराज पहुंचते ही ब्रह्माकुमारीज के स्थानीय सेवा केंद्र की ओर से उसका भव्य स्वागत किया गया। पटाखे फोड़े गये तथा फुलझड़ी उड़ाए गये।
उल्लेखनीय है कि इस विशेष रथ को गुजरात के अहमदाबाद में लगभग दो महीने मे तैयार किया गया है। माउंट आबू से ब्रह्माकुमारीज मेडिकल विंग के प्रमुख डॉ. बनारसी भाई ने शिव ध्वज दिखाकर इसे रवाना किया था। रथ का उद्देश्य लोगों को नशे और व्यसनों से मुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करने के साथ परमात्मा के अवतरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
विशेष रूप से सुसज्जित इस रथ में कुंभकरण की निद्रा का प्रतीकात्मक दृश्य तथा ब्रह्माकुमारीज द्वारा ज्ञान अमृत प्रदान कर मानव जीवन को जागृत करने का संदेश अत्यंत जीवंत एवं आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। इसके माध्यम से लोगों को व्यसनों की निद्रा से जागकर आध्यात्मिक ज्ञान और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी जायेगी।
अरेराज सेवा केंद्र पर रथ के स्वागत के अवसर पर उत्तर बिहार की वरिष्ठ राजयोगिनी बीके मीना दीदी, बीके करुणा, बीके आरती, बीके छोटू भाई, बीके गिरी, विश्वनाथ भाई सहित बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारीज से जुड़े भाई-बहन उपस्थित थे।

