हरसिद्धि में वीर सावरकर जयंती पर बच्चों ने दी देशभक्ति की प्रस्तुति
मोतिहारी। हरसिद्धि प्रखंड क्षेत्र स्थित उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय बालक यादवपुर में वीर सावरकर की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम भारत सरकार के खेल मंत्रालय के सौजन्य से ‘मेरा युवा भारत’ अभियान के तहत आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राहुल प्रताप सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी सह भाजपा मंडल अध्यक्ष निकेश सिंह चौहान उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि निकेश सिंह चौहान ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में देशभक्ति, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने वीर सावरकर के संघर्षों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रधान शिक्षक सुरेश राम ने भी वीर सावरकर के जीवन से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। स्वागत गीत के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में करीब 50 बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर भावपूर्ण प्रस्तुति दी, जिस पर उपस्थित लोगों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी बच्चों को सम्मानित किया गया। मौके पर प्रधानाध्यापक सुरेश राम, सहायक शिक्षक रामनाथ राम समेत कई शिक्षक, अभिभावक व ग्रामीण मौजूद थे।

