तुरकौलिया में वाहन जांच के क्रम में कार के तहखाने से 24.91 लाख रूपये बरामद,दो नेपाली समेत चार युवक गिरफ्तार
-एसपी को मिली सूचना पर पुलिस ने कारवाई कर निमुईया चौक के पास से पकड़ा गया
-ड्रग्स तस्करी का रुपया होने की आशंका
मोतिहारी। तुरकौलिया थाना की पुलिस ने एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने निमुईया मुख्य सड़क पर सघन वाहन जांच अभियान चलाकर देर रात मे एक कार से 24 लाख 91 हजार रुपये नकद बरामद किया हैं।
इस दौरान कार में सवार चार लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया गया, जिनमें दो युवक नेपाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं। थानाध्यक्ष सम्पत कुमार के नेतृत्व में जांच अभियान के दौरान संदिग्ध स्थिति में एक कार को रोका गया। तलाशी के दौरान पुलिस को कार की डिक्की में बनाए गए एक गुप्त तहखाने से भारी मात्रा में नकदी मिली।
बरामद रुपये को लेकर पुलिस को प्रथम दृष्टया संदेह है कि यह रकम किसी अवैध गतिविधि, से कमाई गई है। संभवत उक्त राशि ड्रग्स कारोबार से जुड़ी है। हालांकि, इसकी पुष्टि के लिए पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदापुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर निवासी नागेंद्र साहनी के पुत्र कृष्ण साहनी, नकरदेई थाना क्षेत्र के कटगेनवा निवासी जोगी कुशवाहा के पुत्र सुभाष कुमार तथा नेपाल के सिमरौनगढ़ थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी प्रज्जवल साहनी और दयाली राय के पुत्र दीपेश कुमार यादव के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि ये सभी लोग पटना से कार पर सवार होकर आ रहे थे। बताया जाता है कि पकडे गए कृष्ण साहनी का पहुंच ऊपर तक है। गांव में उसका बहुमंजिला इमारत है। कई गाड़ियां भी उसके पास है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष सम्पत कुमार के साथ दारोगा रामसेवक सिंह, जमादार कन्हैयालाल और संतोष कुमार पटेल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। एसपी स्वर्ण प्रभात ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही हैं। जबकि बरामद राशि के श्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

