पहाड़पुर में युवक का संदिग्ध स्थिति में मिला शव
-डीएसपी के साथ एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम ने की घटना की जांच
मोतिहारी। पहाड़पुर थाना क्षेत्र के बरकुरवा नहर के किनारे झाड़ से एक युवक का शव पुलिस ने बरामद किया।शव के मिलने की सूचना पूरे इलाके में जंगल की आग की तरह फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले का जांच शुरू कर दिया। मृतक की पहचान मलाही थाना क्षेत्र के सोनवल बैरागी टोला निवासी विपत साह के 24 वर्षीय पुत्र रामबाबू कुमार के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
सूचना मिलने पर अरेराज डीएसपी रवि कुमार भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।पुलिस ने घटनास्थल से एक साइकिल भी बरामद की है, जिसे मृतक के होने का अनुमान लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंका गया है।
शव की स्थिति देखकर पुलिस का मानना है कि हत्या करीब 24 घंटे पहले की गई है , हालांकि इसकी पुख्ता जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में होगी। युवक के शव पर किसी तरह के चिट या कट का निशान नहीं दिखा , जिससे यह मामला और भी संदिग्ध हो गया है। पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को घटनास्थल पर बुलाया।
एफएसएल टीम ने मौके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। वहीं, घटना से जुड़े सुराग तलाशने के लिए खोजी कुत्ते की भी मदद ली गई। पुलिस आसपास के लोगों और मृतक के परिजनों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

