राष्ट्रपति ट्रंप की ईरान पर वार्ता के दौरान व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी, सीक्रेट सर्विस ने संदिग्ध को मार गिराया

राष्ट्रपति ट्रंप की ईरान पर वार्ता के दौरान व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी, सीक्रेट सर्विस ने संदिग्ध को मार गिराया
Facebook WhatsApp

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास व्हाइट हाउस के पास हुई गोलीबारी से पूरा इलाका दहल गया। बताया गया है कि घटना के समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान समझौते पर कुछ लोगों से बातचीत कर रहे थे।गोलीबारी के बाद सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स ने समूचा इलाका घेर लिया। सुरक्षा के लिए से कुछ समय के लिए व्हाइट हाउस को बंद कर दिया गया। अनहोनी की आशंका के मद्देनजर व्हाइट हाउस को कवर करने वाले मीडिया कर्मियों को तत्काल ब्रीफिंग रूम में जाने का आदेश दिया गया। पता चला है कि गोलीबारी में दो लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि सीक्रेट सर्विस एजेंट्स की गोलीबारी में घायल एक संदिग्ध ने कुछ देर बाद दम तोड़ दिया।

सीबीएस न्यूज, एबीसी न्यूज और सीएनएन चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, व्हाइट हाउस के बाहर सीक्रेट सर्विस के चेकपॉइंट के अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी के बाद घायल संदिग्ध को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। गोलीबारी एक राहगीर भी घायल हो गया। सीक्रेट सर्विस के किसी भी एजेंट को कोई नुकसान नहीं हुआ। सीक्रेट सर्विस के प्रवक्ता ने बताया कि घटना के समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस में ही थे।

जांच अधिकारियों के अनुसार, मारे गए संदिग्ध की पहचान 21 वर्षीय नासिर बेस्ट के रूप में हुई है। बेस्ट का जुलाई 2025 में भी सीक्रेट सर्विस के साथ आमना-सामना हो चुका है। तब उसने व्हाइट हाउस में घुसने की कोशिश की थी। उसे गिरफ्तार कर मनोरोग वार्ड में भेज दिया गया था। यह गोलीबारी व्हाइट हाउस के बाहर 17वीं स्ट्रीट और पेंसिल्वेनिया एवेन्यू एनडब्ल्यू पर आइजनहावर एग्जीक्यूटिव ऑफिस बिल्डिंग के पास हुई। इस दौरान लगभग 15 से 30 गोलियां चलाई गईं। व्हाइट हाउस में मौजूद पत्रकारों के अनुसार उन्हें पूर्वी समयानुसार करीब 6 बजे व्हाइट हाउस परिसर की तरफ से गोली चलने जैसी आवाज सुनाई दी। इसके बाद सीक्रेट सर्विस एजेंट्स उन्हें अंदर ले गए। लगभग एक घंटे तक व्हाइट हाउस बंद रहा।

व्हाइट हाउस के प्रवक्ता स्टीवन च्युंग ने पहले बताया था कि शाम चार बजे तक राष्ट्रपति ट्रंप व्हाइट हाउस में ही थे। इसके बाद कुछ अधिकारियों ने पुष्टि की कि राष्ट्रपति घटना के समय भी अपने आधिकारिक आवास पर मौजूद थे। परिसर में मौजूद पत्रकार एम्मा निकोलसन कहती हैं कि हम रिकॉर्डिंग की तैयारी कर रहे थे। तभी उन्हें व्हाइट हाउस के पास कई गोलियों की आवाज सुनाई दी। वह तत्काल जमीन पर झुक गईं। इसके बाद व्हाइट हाउस को बंद कर दिया गया। करीब एक घंटे बाद मीडिया को व्हाइट हाउस के नॉर्थ लॉन में वापस आने की अनुमति दी गई है।

सूत्रों के मुताबिक, संदिग्धों ने सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स को निशाना बनाया पर वह कामयाब नहीं हो सके। सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स ने भी माकूल जवाब दिया। एजेंट्स को भी गोली चलानी पड़ी। यूएस सीक्रेट सर्विस के प्रवक्ता एंथनी गुग्लिएल्मी ने कहा कि एजेंसी ने संदिग्धों के मंसूबे को विफल कर दिया। संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) के निदेशक काश पटेल ने एक्स पर कहा कि सूचना पाते ही मौके पर हमारे अधिकारी पहुंचे।

सीक्रेट सर्विस और एफबीआई ने एक्स पर कहा कि शनिवार शाम कथित तौर पर गोलियों की आवाज सुनाई देने के बाद व्हाइट हाउस के नॉर्थ लॉन को खाली करवा लिया गया। यहां मौजूद सभी पत्रकारों को ब्रीफिंग रूम ले जाया गया। नॉर्थ लेन में गोली की आवाज सुनाई देने पर पत्रकारों में क्या प्रतिक्रिया हुई, इस पर संवाददाता सेलिना वांग कहती हैं, हम सब लोग तुरंत छुप गए। गोलीबारी बंद होने पर दौड़कर व्हाइट हाउस के प्रेस ब्रीफिंग रूम में चले गए।

यह घटना व्हाइट हाउस पत्रकारों के डिनर के एक महीने से भी कम समय बाद हुई है। तब भी गोलियां चली थीं और पत्रकारों के साथ अधिकारियों को मेजों के नीचे छुपना पड़ा था। सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स राष्ट्रपति को तत्काल सुरक्षित स्थान पर ले गए थे।वीडियो फुटेज के अनुसार गोलीबारी का संदिग्ध कोल टॉमस एलन हाथ में शॉटगन लिए एक सुरक्षा चौकी से तेजी से भागा और अपना पीछा कर रहे सीक्रेट सर्विस एजेंट्स पर गोलीबारी की। उस पर राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या की कोशिश करने का आरोप लगा है। यह घटना व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान वाशिंगटन हिल्टन होटल में हुई थी।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page