सड़क दुर्घटना में डॉ सुवर्णा राय के एकलौते पुत्र की हुई मौत
बरियारपुर एनएच पर बुलेट सवार आर्शीवाद की ट्रक से हुई टक्कर में गई जान
मोतिहारी। छतौनी थाना क्षेत्र के बरियारपुर एनएच पर भारत पेट्रोल पंप के नजदीक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बुलेट बाइक सवार चिकित्सक पुत्र की मौत हो गई है।
मृतक श्यामल हॉस्पिटल खुदा नगर छतौनी थाना निवासी डॉ सुवर्णा राय और नवनील चक्रवर्ती का 25 वर्षीय पुत्र आशीर्वाद कुमार बताया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और छतौनी थाने को सूचना दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया । बताया गया है कि हाफ पैंट में ही अपनी 350 सीसी बुलेट बाइक से सुबह सुबह आशीर्वाद घर से निकला था जो बरियारपुर मे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। आशीर्वाद कुमार चिकित्सक का इकलौता पुत्र था और शहर के सुविख्यात चिकित्सक स्व डॉ श्यामल कुमार राय का नाती था। उसके हृदय विदारक मौत की खबर से चिकित्सा क्षेत्र से जुडे लोगो में शोक व्याप्त है। मृतक की मां सहित परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है,जबकि पिता कोलकाता से लौट रहे है। इकलौता पुत्र की मौत से डॉ सुवर्णा राय का बुरा हाल हो गया है। बताया गया है कि आशीर्वाद नेक दिल युवक था जो बहुत शौकीन भी था। महंगी कार और बाईकों का भी उसे शौक था। मामले में अपर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया है कि आवेदन नहीं मिला है , शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

