जनजातीय उत्थान के लिए आयोजित कैंप को लेकर बैठक आयोजित
-जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार के तत्वावधान में पंचायतों में लगेगा शिविर
मोतिहारी। शहर के डॉ. राजेन्द्र प्रसाद सभा भवन, में डीएम सौरभ जोरवाल के द्वारा जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में “जनजातीय गरिमा उत्सव 2026” के अंतर्गत “जन भागीदारी-सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान का उद्घाटन किया गया।
इस अभियान के अंतर्गत 19 से 25 मई तक जनजातीय बहुल गांवों/टोलो में कैंप के माध्यम से अनुसूचित जनजाति के व्यक्तियों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से आच्छादित किया जाना है। इस अवसर पर जनजातीय समुदायों के सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण हेतु संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
कार्यक्रम में जनजातीय विरासत के संरक्षण, समावेशी विकास तथा जनजातीय अधिकारों को सुनिश्चित करने पर विशेष चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान विभागीय पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न योजनाओं एवं अभियान से संबंधित जानकारी प्रस्तुत करते हुए लाभर्थियों के साथ संवाद किया जाएगा साथ ही जनजाति समुदायों के उत्थान एवं विकास के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला जाएगा।
इस क्रम में संतोष कुमार पांडेय, जिला कल्याण पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि जिले में केसरिया प्रखण्ड में पश्चिमी सरोत्तर पंचायत और बैरिया पंचायत , कल्याणपुर प्रखण्ड के दरमाहां तथा सिसवा पटना (हाजीपुर) पंचायत में कैम्प लगाया जायेगा जिसमें 21 मई को हकदारी अभियान के तहत संतृप्ति कैम्प, मेडिकल कैम्प तथा वृक्षारोपण किया जायेगा। वही 20 मई को प्रखंड़ एवं पंचायत स्तरीय पदाधिकारियों के द्वारा टोला/गांवों का भ्रमण किया जाएगा।
23 मई को आयोजित जनसुनवाई की जानकारी दी जाएगी, तत्पश्चात 24 को कार्यक्रम के उपलब्धि के संदर्भ में दस्तावेजीकरण करते हुए 25 मई को जिलाधिकारी, पूर्वी चम्पारण, के द्वारा डिब्रिफिंग किया जाएगा। इस मौके पर संबंधित जिलास्तरीय, प्रखण्ड स्तरीय एवं पंचायत स्तरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

