बिहार में हाईटेक हुई फायर ब्रिगेड; गांधी मैदान में सीएम सम्राट चौधरी ने 80 वाहनों को दिखाई हरी झंडी
-विभाग को 36 नई स्कॉर्पियो गाड़ियां भी सौंपी गईं
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को पटना के गांधी मैदान से अग्निशमन विभाग के 80 हाई-टेक फायर ब्रिगेड वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इसके साथ ही विभाग को 36 नई स्कॉर्पियो वाहन भी सौंपे गए। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बिहार को उद्योग, निवेश और बेहतर कानून व्यवस्था के जरिए समृद्ध राज्य बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार को विकास और समृद्धि के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ाना उनकी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राज्य में समृद्धि तभी आएगी जब बड़े पैमाने पर उद्योग-धंधे स्थापित होंगे और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। मुख्यमंत्री ने बिहार से बाहर रह रहे लोगों से राज्य लौटकर यहां निवेश करने और उद्योग लगाने की अपील की। उन्होंने कहा, “मैं बिहार के बाहर रह रहे लोगों से कहना चाहता हूं कि वे वापस लौटें। यदि बिहार के लोग यहां आकर उद्योग लगाएंगे, तो राज्य तेजी से आगे बढ़ेगा।” सम्राट चौधरी ने बताया कि उन्हें मुख्यमंत्री बने अभी एक महीना और तीन दिन हुए हैं, लेकिन इस दौरान राज्य में निवेश को लेकर सकारात्मक माहौल बनना शुरू हो गया है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार एक वर्ष के भीतर बिहार में पांच लाख करोड़ रुपये का पूंजी निवेश लाने का लक्ष्य लेकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार नई नीतियों और योजनाओं पर काम कर रही है।
कानून व्यवस्था के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सुशासन वाला राज्य है और सरकार ने पुलिस को स्वतंत्र रूप से कार्य करने की छूट दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य में किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, “पुलिस अपना काम कर रही है और आगे भी पूरी मजबूती के साथ करती रहेगी।”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार को 1000 जवानों की क्षमता वाला केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) का ट्रेनिंग सेंटर मिला है। गयाजी में विकसित किए जा रहे इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में भी एक और सीआईएसएफ ट्रेनिंग सेंटर स्थापित करने का अनुरोध केंद्र सरकार से किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी आपदा को बड़ी विपदा बनने से रोकना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से राज्य में अग्निशमन सेवाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। बिहार अग्निशमन सेवा की क्षमता बढ़कर अब 8000 कर्मियों तक पहुंच गई है, जो राज्य में आपदा प्रबंधन और आगजनी की घटनाओं से निपटने में अहम भूमिका निभाएंगे।
सम्राट चौधरी ने इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार द्वारा शुरू की गई कई व्यवस्थाओं और सुधारों का प्रभाव आज भी दिखाई देता है तथा उनकी सरकार उन योजनाओं को आगे बढ़ाने का काम कर रही है।
कार्यक्रम में राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में अग्निशमन विभाग को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस और अग्निशमन विभाग का मूल उद्देश्य जनता की सेवा और सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निशमन विभाग मानवता से सीधे जुड़ा हुआ विभाग है और हाल के वर्षों में इसकी क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। विभाग अब किसी भी बड़े अग्निकांड या आपदा से निपटने में सक्षम हो चुका है।
कार्यक्रम के दौरान महिला फायर फाइटर्स ने भी अपने साहस और दक्षता का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने फायर ब्रिगेड के आधुनिक उपकरणों और तकनीकों की जानकारी ली तथा अधिकारियों से उनकी कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से चर्चा की।

