बिहार ने पहली बार 60 प्रतिशत से अधिक सीडी रेशियो हासिल कर रचा नया कीर्तिमान

बिहार ने पहली बार 60 प्रतिशत से अधिक सीडी रेशियो हासिल कर रचा नया कीर्तिमान
Facebook WhatsApp

-“कृषि एवं प्राथमिकता क्षेत्रों में ऋण प्रवाह बढ़ाने पर बैंक विशेष ध्यान दें” : विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह

पटना।विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित राज्य स्तरीय बैंकिंग समीक्षा बैठक में बिहार के बैंकिंग प्रदर्शन, ऋण वितरण तथा प्राथमिकता क्षेत्रों में वित्तीय प्रवाह की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में बताया गया कि बिहार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में पहली बार 60.21 प्रतिशत का सीडी रेशियो हासिल किया है। इसे राज्य की अर्थव्यवस्था, निवेश गतिविधियों तथा बैंकिंग प्रणाली में बढ़ते विश्वास का महत्वपूर्ण संकेत माना गया।

विकास आयुक्त ने इसे राज्य सरकार, बैंकिंग संस्थानों एवं विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों का परिणाम बताया।

समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि राज्य में कुल जमा राशि बढ़कर 6,15,428 करोड़ तथा कुल ऋण वितरण बढ़कर 3,70,563 करोड़ तक पहुंच गया है। पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में जमा राशि में 51,983 करोड़ तथा ऋण वितरण में 37,882 करोड़ की वृद्धि दर्ज की गई है।

बैठक में यह भी बताया गया कि वर्ष 2018-19 में बिहार का सीडी रेशियो 44.09 प्रतिशत था, जो लगातार प्रगति करते हुए अब 60.21 प्रतिशत तक पहुंच गया है।

विकास आयुक्त ने कहा कि कृषि, एमएसएमई, स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण, स्टार्टअप एवं ग्रामीण विकास से जुड़े क्षेत्रों में ऋण प्रवाह बढ़ने से राज्य की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिली है।

विकास आयुक्त ने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसानों को समय पर ऋण सुविधा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी बैंकों को निर्देश दिया कि केसीसी के वितरण एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया को सरल एवं त्वरित बनाया जाए।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा आम जनता की समस्याओं के समाधान करने के उद्देश्य से “सहयोग शिविर” का आयोजन 19 मई से प्रारंभ किया जाएगा। इसके बाद प्रत्येक 15 दिनों पर नियमित रूप से ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें केसीसी से संबंधित मामलों जैसे, आवेदन, नवीनीकरण एवं अन्य बैंकिंग समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि किसान क्रेडिट कार्ड योजना को “जन समर्थ” पोर्टल के साथ एकीकृत किया जाएगा, ताकि किसानों को डिजिटल माध्यम से शीघ्र एवं पारदर्शी ऋण सुविधा उपलब्ध हो सके।

सर्वाधिक सीडी रेशियो वाले प्रमुख बैंक

1. स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक – 168.78 प्रतिशत

2. बंधन बैंक – 153.32 प्रतिशत

3. बैंक ऑफ महाराष्ट्र – 145.72 प्रतिशत

4. एचडीएफसी बैंक – 95.87 प्रतिशत

5. कोटक महिंद्रा बैंक – 95.57 प्रतिशत

6. आईसीआईसीआई बैंक – 82.37 प्रतिशत

7. एक्सिस बैंक – 77.16 प्रतिशत

8. बिहार ग्रामीण बैंक – 64.95 प्रतिशत

9. पंजाब एंड सिंध बैंक – 64.26 प्रतिशत

10. जम्मू एंड कश्मीर बैंक – 63.11प्रतिशत

कम सीडी रेशियो वाले बैंक

1. इंडियन ओवरसीज बैंक – 42.20 प्रतिशत

2. आईडीबीआई बैंक – 43.47 प्रतिशत

3. स्टेट बैंक ऑफ इंडिया – 43.63 प्रतिशत

4. बैंक ऑफ इंडिया – 43.73 प्रतिशत

5. पंजाब नेशनल बैंक – 44.57प्रतिशत

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page