किसान सलाहकारों ने की टेक्निकल कार्य से अलग करने की मांग
– कृषि पदाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
मोतिहारी। जिला किसान सलाहकार संघ की बैठक गांधी मैदान में रविवार आयोजित की गई। सलाहकारों ने एक जुटता दिखाते हुए अपने आप को टेक्निकल कार्य से अलग रख किसान सलाहकार नियमावली के तहत कार्य करने का निर्णय लिया।
जबकि सभी किसान सलाहकारों ने जिला कृषि पदाधिकारी को आवेदन देकर नियमावली विरुद्ध तकनीकि कार्य नही लेने की मांग की है। संघ के जिला अध्यक्ष अजय कुमार तिवारी, उमेश कुमार ने कहा कि कृषि विभाग के द्वारा किसान सलाहकार को प्रगतिशील किसान माना गया है। किसान सलाहकारों को केवल पंचायत में कृषि कार्यालय केंद्र का संचालन व कृषि विभाग के द्वारा योजनाओं को प्रचार- प्रसार करना है। लेकिन कृषि विभाग सहित अन्य कई विभागों के द्वारा उनसे टेक्निकल कार्य लिया जा रहा है।
जिममें फार्मर रजिस्ट्री,फसल सहायता, मिट्टी नमूना, डीसीएस, बिहार कृषि ऐप जैसे तकनीकी कार्य लिए जाते है। जबकि विभाग के द्वारा किसान सलाहकार को केवल प्रगतिशील किसान का दर्जा देते हुए प्रचार प्रसार तंत्र ही माना गया है। बैठक में राघवेंद्र कुमार सिंह, महेंद्र ठाकुर,संतोष कुमार, सुनील सिन्हा, रविंद्र कुमार, गौरव कुमार, राजीव रंजन पासवान,अनिल कुमार बैठा सहित सैकड़ों किसान सलाहकार मौजूद थे।

