लूट कांड का पुलिस ने 72 घंटे मे किया खुलासा,चार अपराधी गिरफ्तार
वीडियो कैमरा, मोबाइल, बाइक व हथियार बरामद
हरसिद्धि। कोटवा थाना क्षेत्र के दामोंवृत्ति पुल के पास वीडियोग्राफर से हुई छिनतई मामले का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर लिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
उनके पास से घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक, देशी कट्टा, जिंदा गोली, लूटा गया वीडियो कैमरा, मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। जानकारी के अनुसार 11 मई की रात हरसिद्धि थाना क्षेत्र के बडा पकड़िया निवासी वीडियोग्राफर रंजन कुमार अपने सहयोगी रंजीत कुमार व धीरेन्द्र राय के साथ संग्रामपुर थाना क्षेत्र के घुसियार गांव से वीडियो शूट कर लौट रहे थे। इसी दौरान कोटवा थाना क्षेत्र के दामोदरपुर पुल के समीप पांच अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और वीडियो कैमरा, मोबाइल फोन व बाइक छीनकर फरार हो गये।
घटना के बाद प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस अधीक्षक मोतिहारी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरेराज रवि कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। हरसिद्धि थाना पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान एवं छापेमारी के आधार पर घटना के 72 घंटे के भीतर मामले का उद्भेदन कर लिया।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान हरसिद्धि थाना क्षेत्र के जगापाकड़ निवासी विशाल कुमार, बहादुरपुर निवासी सलमान आलम उर्फ सल्लू, कोटवा थाना क्षेत्र के राजापुर अहरवलिया निवासी दीपरंजन कुमार उर्फ सन्नी तथा जगापाकड़ निवासी रूपेश कुमार के रूप में की गयी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार विशाल कुमार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके विरुद्ध हरसिद्धि थाना में आर्म्स एक्ट का का मामला दर्ज है,
छापेमारी टीम में एसडीपीओ रवि कुमार, थानाध्यक्ष सुनील कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अक्षय कुमार, अविनाश कुमार, सेराज अहमद खान सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

