हथियार तस्करी का खुलासा,दो देशी पिस्टल व कारतूस समेत पांच गिरफ्तार
मोतिहारी।शहर के छतौनी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑटो पर सवार पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आर्म्स तस्करों के पास से पुलिस ने दो देशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन और एक ऑटो जब्त किया है।
मामले की जानकारी देते हुए सदर डीएसपी-2 जितेश पांडेय ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक ऑटो से शहर के बरियारपुर इलाके की ओर जा रहे हैं जो संदिग्ध है। सूचना मिलते ही छतौनी थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ऑटो को रोककर तलाशी शुरू की।
तलाशी के दौरान ऑटो में सवार अब्बास खान झरवा हरसिद्धि के युवक के पास से एक देसी पिस्टल बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने ऑटो में बैठे सभी युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर डीआईयू और एसटीएफ की टीम ने पकड़ीदयाल इलाके में छापेमारी कर दो अन्य युवकों को गिरफ्तार किया। उनके पास से एक और देसी पिस्टल तथा पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
गिरफ्तार किए गए आर्म्स तस्करों की पहचान अब्बास खान, झड़वा का ही अबरार अंसारी, इम्तेयाज खान, पकड़ीदयाल मठिया का रंजीत कुमार और रोहित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस का मानना है कि गिरफ्तार युवक हथियार तस्करी के सिंडिकेट से जुड़े हो सकते हैं। बहुत संभव है कि इनका कनेक्शन इंटर डिस्टिक या इंटर स्टेट भी हो। छापेमारी टीम में छतौनी थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार पासवान सहित कई पुलिस पदाधिकारी, डीआईयू के ऑफिसर एवं जवान शामिल थे।

