10 हजार का इनामी तेलकटवा गैंग का शातिर चंदन चढा पुलिस के हत्थे
पटना। बिहार के पूर्वी चंपारण जिला का दस हजार रुपये का इनामी अंतरजिला तेलकटवा गैंग का शातिर बदमाश मुजफ्फपुर जिला के साहेबगंज थाना क्षेत्र के माधोपुर इमलिया गांव निवासी चंदन कुमार को एसटीएफ की विशेष टीम ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस मुख्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बदमाश की गिरफ्तारी की जानकारी दी गई है। बताया गया है,कि शातिर चंदन गिरफ्तारी की भय से लगातार ठिकाना बदल रहा था। इसी क्रम में गुप्त सूचना पर एसटीएफ की विशेष टीम ने बरौनी थर्मल पावर प्लांट रेलवे स्टेशन के पास से छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया है। इस दौरान उसने भागने की भी कोशिश की थी। लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
उल्लेखनीय है,कि पूर्वी चंपारण के कोटवा थाना क्षेत्र में बीते साल जुलाई 2025 में आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज मामले में वह वांछित था,मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम जारी किया था।
तलाशी में उसके पास से एक मोबाइल, तीन हजार 110 रुपये नगद जब्त किए गए है। पुलिस का कहना है कि उसके मोबाइल का काॅल डिटेल खंगाला जा रहा है। पूछताछ में इस गिरोह से जुड़े और कई बदमाशों के नाम व ठिकाने का पता चला है।
एसटीएफ की टीम उसकी निशानदेही पर कई जगहों पर छापेमारी कर रही है। विदित हो कि 18 जुलाई 2025 को कोटवा थाना अंतर्गत लाइन होटल पर खड़े ट्रक से डीजल निकालने के क्रम में ट्रक चालक तथा लाइन होटल संचालक के द्वारा विरोध करने पर इस गिरोह के बदमाशों द्वारा गोलीबारी की गई थी। इसमें होटल संचालक की मौत हो गई थी। पुलिस का कहना है कि इस घटना में उक्त बदमाश भी शामिल था।

