बिहार के पथ निर्माण मंत्री ई.शैलेंद्र ने पदभार संभाला

बिहार के पथ निर्माण मंत्री  ई.शैलेंद्र ने पदभार संभाला
Facebook WhatsApp

पटना। पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने सोमवार को पथ निर्माण विभाग का विधिवत पदभार ग्रहण किया।कामकाज संभालने के बाद उन्होंने कहा कि बिहार में महाराष्ट्र और गुजरात की तरह आधुनिक टेक्नोलॉजी के साथ सड़क निर्माण का काम नहीं हो रहा।आधुनिक टेक्नोलाजी की बारीकियाें को सीखने के लिए इंजीनियरों को बाहर के राज्यों में भेजेंगे। पदभार ग्रहण करने के पूर्व उन्होंने अपने कक्ष में पूजा-अर्चना की। पथ निर्माण मंत्री ने कहा कि राज्य में पुल, सड़क समेत दूसरी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को अत्याधुनिक तकनीक के आधार पर मूर्तरूप देने के लिए अभियंताओं को दूसरे राज्यों में जानकारी लेने भेजा जाएगा।

पदभार ग्रहण करने पहुंचे पथ निर्माण मंत्री का विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। पथ निर्माण मंत्री ने कहा कि वह खुद भी सिविल इंजीनियर हैं इसलिए विकास कार्यों में अपनी दक्षता का पूरा इस्तेमाल करूंगा।

विभागीय टीम के साथ एक-एक बात को सूक्ष्म तरीके से समझूंगा। इसके बाद संवाद के आधार पर योजनाओं को लागू किया जाएगा।

पथ निर्माण मंत्री ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह के साथ ही मार्गदर्शक के रूप में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का इतनी बड़ी जिम्मेदारी देने और विश्वास करने के लिए आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र के उत्थान के लिए सड़क मार्ग का सही होना जरूरी है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्यों का ही नतीजा है कि आज राज्य के किसी भी कोने से पटना पांच घंटे में पहुंचना आसान हो गया है। हम उनके रोड मैप को और बेहतर गति से पूरा करेंगे।

विभागीय सभाकक्ष में आयोजित बैठक में मंत्री ने विभागीय योजनाओं और उसके क्रियान्वयन की स्थिति की भी जानकारी ली। अधिकारियों ने उन्हें विभागीय विजन से रूबरू कराया।सचिव पंकज कुमार पाल ने मुख्य रूप से दिल्ली-कोलकाता एनएच-19, ईस्ट-वेस्ट कारिडोर एनएच-27, पटना-गया-डोभी कारिडोर, आमस-दरभंगा ग्रीनफील्ड कॉरिडोर, पटना रिंग रोड, आदि के निर्माण कार्यों की प्रगति और राज्य के लोगों के लिए इनकी उपयोगिता की जानकारी दी।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page