एसएसबी 71वीं वाहिनी के जवानो ने सदर अस्पताल में किया रक्तदान
पीपराकोठी। 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल परिसर में विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कमांडेंट प्रफुल्ल कुमार सहित कुल 28 जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सदर अस्पताल के डॉ. नीरज कुमार एवं उनकी टीम द्वारा सभी जवानों का रक्त संग्रह किया गया।
डॉक्टरों की टीम ने जवानों के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने के समान है। कमांडेंट प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि 71वीं बटालियन के जवानों ने आज रक्तदान नहीं, बल्कि महादान किया है। इससे जरूरतमंद लोगों की जिंदगी बचाई जा सकेगी और समाज में मानवता का संदेश जाएगा। रक्तदान शिविर के दौरान जवानों में खासा उत्साह देखने को मिला।

