केसरिया में व्यवसायी से दिनदहाड़े 2 लाख की लूट
पूर्वी चंपारण। जिले के केसरिया थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया है।घटना केसरिया थाना क्षेत्र के चकिया-केसरिया रोड स्थित लचका पुल के समीप की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, किराना व्यवसायी लालबाबू साह अपनी दुकान पर मौजूद थे, तभी अचानक बाइक सवार अपराधी पहुंचे और दुकान में घुसकर व्यवसायी को गन प्वाइंट पर ले लिए और व्यवसायी को जान से मारने की धमकी देते हुए काउंटर में रखे 2 लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गये।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अनुसार, भागते समय अपराधी हवा में हथियार लहरा रहे थे। इस घटना के पूरे इलाके में भय का माहौल कायम है।घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची केसरिया थाना की पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस ने पीड़ित व्यवसायी लालबाबू साह से घटना की पूरी जानकारी ली है। पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए दुकान और उसके आसपास के रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि लुटेरों की पहचान की जा सके।
पुलिस का दावा है,कि अपराधियों की पहचान हो गई है।उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही इस मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।फिलहाल दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना से व्यवसायियो के साथ ही आम लोगो में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। लोग पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे है।

