रक्सौल एयरपोर्ट का आकार पटना से भी बड़ा होगा:सांसद
-सांसद डा.संजय जायसवाल ने प्रस्तावित रनवे क्षेत्र का निरीक्षण किया
-रक्सौल-मोतिहारी एवं बेतिया सड़क बनेगा फोरलेन मोतिहारी/रक्सौल। भारत-नेपाल सीमा से सटे रक्सौल में प्रस्तावित एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में लेकर शनिवार को एक बड़ी उपलब्धि भरी खबर है। इसके निर्माण को लेकर डॉ. संजय जायसवाल ने अधिकारियों के साथ एयरपोर्ट के प्रस्तावित रनवे क्षेत्र का निरीक्षण किया।तत्पश्चात् एसएसबी हेड क्वार्टर परिसर में पत्रकारों को संबोधित किया।
डॉ. जायसवाल ने कहा कि रक्सौल एयरपोर्ट का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने वाला है। यह परियोजना क्षेत्र के विकास में ऐतिहासिक भूमिका निभाएगी। एयरपोर्ट का रनवे तिलावे नदी के उस पार तक विकसित किया जाएगा। उन्होने दावे के साथ कहा कि रक्सौल के एयरपोर्ट का आकार और सुविधाओं के मामले में पटना एयरपोर्ट से भी बड़ा साबित होगा। बड़े रनवे के कारण बड़े विमानों की लैंडिंग आसानी से हो सकेगी तथा इमरजेंसी ब्रेक की आवश्यकता भी कम पड़ेगी।
उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट निर्माण के लिए कुल 139 एकड़ भूमि की आवश्यकता है, जिसमें लगभग 70 प्रतिशत भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। कंसल्टेंट के चयन के लिए टेंडर भी जारी कर दिया गया है। अगले तीन महीनों के भीतर निर्माण का नक्शा तैयार कर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। निर्माण एजेंसी को एयरपोर्ट तैयार करने के लिए 18 महीने का समय दिया जाएगा, जबकि उसके बाद दो महीने तकनीकी परीक्षण और विमानों की लैंडिंग प्रक्रिया के लिए निर्धारित रहेंगे।
सांसद ने कहा कि रक्सौल का अंतरराष्ट्रीय महत्व है, क्योंकि यह नेपाल सीमा से सटा हुआ प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। एयरपोर्ट बनने से व्यापार, पर्यटन और आवागमन को नई गति मिलेगी। लोगों को पटना जाकर फ्लाइट पकड़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी और दिल्ली समेत अन्य शहरों के लिए हवाई यात्रा सुलभ एवं सस्ती होगी।उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट निर्माण के साथ-साथ बेतिया-रक्सौल और मोतिहारी-रक्सौल फोरलेन सड़क परियोजनाएं भी पूरी हो जाएंगी, जिससे यात्रियों को एयरपोर्ट तक पहुंचने में काफी सुविधा होगी।
सांसद ने बताया कि वर्ष 2016 में नरेंद्र मोदी द्वारा पीएम पैकेज के तहत 250 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई थी, लेकिन राज्य सरकार की नीतिगत अड़चनों के कारण काम आगे नहीं बढ़ पाया। वर्ष 2023 में भूमि अधिग्रहण की अनुमति मिलने के बाद प्रक्रिया में तेजी आई।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सम्राट चौधरी और राम मोहन नायडू का आभार जताते हुए कहा कि आने वाले समय में रक्सौल उत्तर बिहार का प्रमुख विकास केंद्र बनकर उभरेगा। मौके पर रक्सौल विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा,सुगौली विधायक बब्लू गुप्ता,नरकटिया विधायक विशाल शाह आदि उपस्थित थे।

