संदिग्ध स्थिति में महिला की मौत-प्रेम प्रसंग के बाद गत वर्ष मंदिर में हुई थी शादी
कोटवा। थाना क्षेत्र के बड़हरवा कला पूर्वी पंचायत के बड़हरवा मुसहर टोली में एक महिला की मौत संदिग्ध स्थिति में हो गई। पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के बाद शनिवार को शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी भेज दिया है।
महिला की पहचान गोलू मांझी की पत्नी शिवानी देवी (25) के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया गले में फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला लग रहा है। घटना का कारण पारिवारिक विवाद सामने आ रहा है। बताया जाता है कि महिला की शादी विगत वर्ष हुई थी जिसका माइका भोपातपुर थाने के जमुनिया गांव में थी। बताया गया है कि दोनों में काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। विगत वर्ष दोनों की शादी मंदिर में हुई थी।
इधर घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा मामले में गहन जांच पड़ताल की गई। महिला के गले पर काला निशान पाया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। थाने में अभी तक किसी भी पक्ष की तरफ से कोई आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का असली वजह सामने आ सकेगा।

