“एक कदम गांधी की ओर”संवाद सह पदयात्रा में शामिल लोग चंपारण की सीमा मेहसी पहुंचे
मोतिहारी। “एक कदम गांधी की ओर” संवाद सह पदयात्रा सोमवार को चंपारण की सीमा मेहसी में प्रवेश कर गई। डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती एवं गांधी सत्याग्रह की 100 वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक भाईचारे के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
सर्व सेवा संघ सर्वोदय मंडल, बिहार के तत्वावधान में निकाली गई पदयात्रा मेहसी के बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, खेसारी चौक और बैंक चौक तक भ्रमण करते हुए स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित किया।गांधीजी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। बेबी गार्डन स्कूल परिसर में यात्रियों का स्वागत करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता अमर ने कहा कि आज देश और विश्व में बढ़ती हिंसा, नफरत और विभाजनकारी प्रवृत्तियों के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है।
हमारी मिली-जुली संस्कृति, भाषा और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने के लिए केवल विचार ही नहीं, बल्कि कर्म से भी प्रयास करने की जरूरत है। उन्होने संविधान और लोकतंत्र पर मंडरा रहे खतरों के प्रति नागरिकों को सतर्क रहने का आह्वान किया। यात्रा का नेतृत्व अशोक भारती, अरविंद अंजुम एवं सिस्टर फ्लोरिन कर रहे हैं। कार्यक्रम कत में हामिद रजा, कुमारी स्वर्ण और नरसिंह रूप द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। इस पदयात्रा में कुल 20 यात्री शामिल हैं।

