रक्षा प्रदर्शनी की सफलता को लेकर जिला प्रशासन  व डीआरडीओ के अधिकारियों ने की तैयारियों की समीक्षा 

रक्षा प्रदर्शनी की सफलता को लेकर जिला प्रशासन  व डीआरडीओ के अधिकारियों ने की तैयारियों की समीक्षा 
Facebook WhatsApp

– सुरक्षा, यातायात, साफ सफाई सहित स्वास्थ्य आदि मामलों की  तैयारी समय पूर्व कर लेने का निर्देश 

फोटो 2

मोतिहारी। आगामी 15 से 18 अप्रैल तक आयोजित होने वाली रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा आयोजित रक्षा उपकरणों की मॉडल प्रदर्शनी की तैयारियों को लेकर सोमवार को जिला अतिथि गृह में सांसद सह सभापति रक्षा संबंधी स्थायी समिति राधामोहन सिंह के अध्यक्षता में डीआरडीओ एवं जिला प्रशासन की संयुक्त बैठक की गई। बैठक के उपरांत स्थल निरीक्षण भी किया गया। प्रदर्शनी के सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए सभी पहलुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था, आगंतुकों की सुविधा, प्रदर्शनी स्थल की तैयारियां, ट्रैफिक प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। डीआरडीओ के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि इस प्रदर्शनी में देश की अत्याधुनिक रक्षा तकनीकों एवं उपकरणों के मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे, जिससे आमजन विशेषकर छात्र-छात्राओं को रक्षा क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की जानकारी मिल सकेगी। यह प्रदर्शनी युवाओं में वैज्ञानिक सोंच को बढ़ावा देने और उन्हें अनुसंधान एवं नवाचार के प्रति प्रेरित करने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगी।  जिला प्रशासन की ओर से सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए कि वे आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करें, ताकि कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक एवं सुचारू रूप से किया जा सके। वहीं निर्णय लिया गया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी तथा प्रदर्शनी स्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। जबकि स्वास्थ्य विभाग को भी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि डीआरडीओ एवं जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से यह प्रदर्शनी मोतिहारी में एक ऐतिहासिक एवं सफल आयोजन के रूप में स्थापित होगी। इस अवसर पर जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल, पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात, डीआरडीओ के वरिष्ठ अधिकारीगण, डिप्टी मेयर डॉ. लालबाबू प्रसाद एवं जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page