भाकपा-माले का 9वां जिला सम्मेलन संपन्न,प्रभुदेव बने पांचवीं बार जिला सचिव
सुगौली। मैरेज हॉल में भाकपा-माले का 9 वां जिला सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। सम्मेलन में सर्वसम्मति से 17 सदस्यीय नई जिला कमिटी का गठन किया गया,जिसमें प्रभुदेव यादव को लगातार पांचवी बार जिला सचिव चुन लिए गये।सम्मेलन के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र व राज्य की नीतियों पर तीखा प्रहार करते हुए चंपारण से लेकर पूरे बिहार को “बुलडोजर राज की प्रयोगशाला” बनाए जाने के खिलाफ गांव और शहर स्तर पर जनसंघर्ष तेज करने का ऐलान किया।
वक्ताओं ने कहा कि भाकपा-माले जनता की हर लड़ाई—भूमि अधिकार, सम्मानजनक रोजगार और सामाजिक न्याय—की आवाज को मजबूत करेगी और कार्यकर्ता इन मुद्दों पर अग्रिम पंक्ति में रहेंगे। सम्मेलन में यह भी निर्णय लिया गया कि अतिक्रमण और भूमि अधिग्रहण के नाम पर गरीबों को उजाड़ने तथा किसानों की जमीन जबरन छीनने के खिलाफ पार्टी व्यापक आंदोलन खड़ा करेगी।
ग्रामीण और शहरी गरीबों, युवाओं तथा कामकाजी महिलाओं के बीच संवाद बढ़ाकर आंदोलन को नई दिशा देने का संकल्प लिया गया। नेताओं ने कहा कि संविधान,आजादी और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी के कार्यकर्ता तानाशाही प्रवृत्तियों के खिलाफ संघर्ष में अग्रिम मोर्चे पर ऐतिहासिक भूमिका निभाएंगे।
आगामी 16 से 18 मई 2026 को दरभंगा के लहेरियासराय में होने वाले भाकपा-माले के 12 वें बिहार राज्य सम्मेलन को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता सक्रिय सहयोग और भागीदारी निभाएंगे। जारी विज्ञप्ति के अनुसार नवगठित जिला कमिटी में रूपलाल शर्मा, उपेंद्र सहनी, जीत लाल सहनी, रामबाबू राम,सिंधु देवी,राजकुमार शर्मा,ज्ञदिनेश प्रसाद कुशवाहा, शबनम खातून, विशेश्वर प्रसाद कुशवाहा,ज्ञशंभू लाल यादव, मोहम्मद इशराफिल, कुमानती देवी, देवंती देवी,राजेश कुमार, राकेश मुखिया और राघव साह को सदस्य बनाया गया है।

