पुलिस ने साइबर ठगी के दो लाख रुपए वापस कराए
मोतिहारी। साइबर थाना की पुलिस ने बुधवार को पीड़ित से की गई ठगी का 2 लाख रुपए वापस कराया। बिजली बिल अपडेट के नाम पर साइबर बदमाशों ने रक्सौल थाना क्षेत्र के नागा रोड निवासी महेंद्र प्रसाद से 2 लाख से अधिक रुपए की ठगी कर ली थी। शेष राशि प्रक्रियाधीन है। ठगी की राशि मिलने के बाद महेंद्र ने खुशी जाहिर कर पुलिस पदाधिकारियों को धन्यवाद दिया। इंस्पेक्टर मनीष कुमार ने बताया कि पिछले वर्ष साइबर बदमाशों ने बिजली बिजली बिल अपडेट के नाम पर महेंद्र के खाता से दो लाख से अधिक उड़ा लिया था। घटना को लेकर उसने साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही साइबर थाना की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान संबंधित बैंक खातों को ट्रैक कर आवश्यक कार्रवाई की गई। साइबर पुलिस ने किसी भी अनजान कॉल, लिंक या मैसेज पर अपनी बैंकिंग जानकारी साझा न करने, बिजली बिल, केवाईसी या बैंक अपडेट के नाम पर आने वाले कॉल से सतर्क रहने की अपील की है।

