आगलगी की धटना में पांच लाख से ज्यादा की संपत्ति का नुकसान

आगलगी की धटना में पांच लाख से ज्यादा की संपत्ति का नुकसान
Facebook WhatsApp

मोतिहारी। तुरकौलिया प्रखंड अंतर्गत जयसिंहपुर बेचू टोला गांव में भीषण आगलगी की घटना में पिता-पुत्र का आशियाना जलकर पूरी तरह राख हो गया। इस हादसे में करीब पांच लाख रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई, जिसमें दो लाख रुपये नकद भी शामिल हैं।

पीड़ितों की पहचान नगीना दास और उनके पुत्र शिव शंकर दास के रूप में हुई है। बताया जाता है कि नगीना दास के परिवार पर पहले से ही दुखों का पहाड़ टूटा हुआ था। उनकी पत्नी का दो दिन पूर्व ही बीमारी के कारण निधन हो गया था। घर में रखे दो लाख रुपये पत्नी के क्रियाकर्म के लिए जमा किए गए थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

अचानक लगी आग ने देखते ही देखते सब कुछ तबाह कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास करते, तब तक चार फूसनुमा घर पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे। आगलगी में घर में रखा पलंग, चौकी, अनाज, बिछावन, कपड़े, बर्तन समेत सभी जरूरी सामान जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित परिवार के पास अब न रहने के लिए घर बचा है और न ही जीवन यापन के लिए कोई संसाधन।

घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। इस हादसे ने परिवार को पूरी तरह से बेसहारा बना दिया है। घटना की सूचना मिलने के बाद अंचल प्रशासन हरकत में आया। अंचलाधिकारी सह राजस्व पदाधिकारी विन्देश्वरी प्रसाद ने बताया कि मामले की जांच के लिए राजस्व कर्मचारी को मौके पर भेजा गया है।

जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि बालेश्वर सिंह ने बताया कि आगलगी में पीड़ितों का सब कुछ जल गया है और उनके पास रहने के लिए कोई घर नहीं बचा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द राहत उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि पीड़ित परिवार को इस कठिन समय में सहारा मिल सके।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page