जहरीली शराबकांड में संलिप्त चौकीदार का सहोदर भाई गिरफ्तार
मोतिहारी। तुरकौलिया में हुए जहरीले शराब कांड के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस कांड में संलिप्त चौकीदार के सहोदर भाई रुपेश यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे गहन पूछताछ की है, ताकि इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। डीएसपी दिलीप सिंह ने बताया कि आरोपी रुपेश को जल्द ही रिमांड पर लिया जाएगा, जिससे मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच हो सके। रुपेश पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए अपनी मौसी के घर छुपा था। गुप्त सूचना के आधार पर तुरकौलिया थानाध्यक्ष सम्पत कुमार सिंह के नेतृत्व में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया गया।
वह रघुनाथपुर के चौकीदार सुरेश यादव का भाई है। जो कि लक्ष्मीपुर का निवासी बताया जाता है। इस मामले की शुरुआत शंकरसरैया शेख शरण टोला के आलियास मियां की मौत के बाद हुई थी। जहरीली शराब पीने से उनकी मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद उनकी पत्नी ने एफआईआर दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि आलियास ने बैरिया बाजार के शराब कारोबारी राकेश साह उर्फ सुखाड़ी साह से शराब खरीदी थी।
सुखाड़ी की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि स्प्रिट की आपूर्ति रुपेश यादव द्वारा की गई थी। पुलिस अब चौकीदार सुरेश यादव की भूमिका की भी जांच कर रही है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा है कि इस कांड में शामिल कोई भी आरोपी बख्शे नहीं जाएंगे।

