विश्व स्वास्थ्य दिवस पर चला व्यापक जागरूकता अभियान
अरेराज। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर अनुमंडल कार्यालय परिसर, अरेराज में स्वास्थ्य के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान अनुमंडलीय अस्पताल, अरेराज के उपाधीक्षक द्वारा उपस्थित जनसमूह को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया तथा उन्हें संतुलित आहार, नियमित व्यायाम एवं स्वच्छता जैसे स्वस्थ जीवनशैली के महत्वपूर्ण पहलुओं को अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।
सीडीपीओ द्वारा बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने हेतु पीपीटी के माध्यम से जागरूक किया गया, जिससे बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित हो सके।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों, आंगनवाड़ी केंद्रों एवं बुनियाद केंद्रों पर संचालित स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं का निरीक्षण कर उनकी प्रगति का जायजा लिया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
साथ ही नगर पंचायत अरेराज में खेलकूद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। नगर पंचायत द्वारा स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया गया एवं प्लास्टिक के उपयोग से बचने की अपील की गई।इसके अतिरिक्त आमजन को लू से बचाव, एक्यूट एन्सेफलाइटिस सिंड्रोम एवं जापानी इंसेफेलाइटिस से बचाव के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

