जहरीली शराब कांड में नया मोड़,चौकीदार के संरक्षण में फल-फूल रहा था काला कारोबार
– पकडे गए शराब कारोबारी सुखाड़ी ने किया खुलासा
-चौकीदार के सहोदर भाई की खोज मे जुटी पुलिस
तुरकौलिया। जहरीली शराब कांड ने अब एक नया मोड़ ले लिया है। इस मामले में गिरफ्तार किए गए शराब तस्कर ने पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया है। तस्कर के अनुसार, क्षेत्र में शराब का अवैध कारोबार चौकीदारों के संरक्षण में चल रहा था, जिससे पूरे नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मालूम हो कि शंकरसरैया के चौकीदार भरत यादव को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब इस मामले में एक और चौकीदार का नाम सामने आने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। ताजा खुलासा के अनुसार, शंकरसरैया शेख शरण टोला निवासी अलियास अंसारी की मौत के बाद जब पुलिस ने उसे शराब उपलब्ध कराने वाले तस्कर को पकड़ा, तो उसने बताया कि वह शराब रघुनाथपुर क्षेत्र के चौकीदार सुरेश यादव के भाई रुपेश यादव से खरीदकर लाया था।
इस खुलासे के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच में जुट गई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं चौकीदार ही इस अवैध शराब तस्करी के मुख्य संरक्षक तो नहीं हैं। वहीं स्थानीय लोगों में भी इस मामले को लेकर आक्रोश है। वे दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्या सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाले चौकीदार ही इस अवैध कारोबार में शामिल हैं, या फिर उनके नाम का इस्तेमाल कर कोई और गिरोह काम कर रहा है।
जाहिर है पुलिसिया जांच से ही पूरे मामले का सच सामने आयेगी। एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा, चौकीदार के भाई की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। चौकीदार की भूमिका की भी जांच की जा रही है। संलिप्तता पाए जाने पर करवाई की जाएगी।

