जहरीली शराब कांड का जाच करने पटना से पहुंची राजद की टीम
शराबबंदी के तुगलकी फरमान से सरकार सैकड़ों गरीबो की ले चुकी है जानःउदय नारायण
मृतक परिजनों को मुआवजा एवं इलाजरत को मुआवजा की मांग
तुरकौलिया। जहरीली शराब कांड को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। पटना से आई राष्ट्रीय जनता दल की जांच टीम ने रघुनाथपुर व तुरकौलिया के प्रभावित इलाकों का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी के नेतृत्व में पहुंची इस टीम में राजद के राष्ट्रीय महासचिव अलख निरंजन, पूर्व विधायक राजेंद्र राम, लक्ष्मीनारायण यादव, मनोज यादव, डॉ. शमीम अहमद और शशिभूषण सिंह शामिल थे। टीम ने रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बालगंगा गांव में मृतक सम्पत साह और बीमार लड्डू साह के परिजनों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान बीमार लड्डू साह के भाई कर्ण ने भावुक अपील करते हुए कहा कि उनके पास इलाज के लिए पैसे नहीं हैं। उनका भाई अस्पताल में जीवन-मौत से जूझ रहा है।
उन्होंने टीम से मदद की गुहार लगाई। मौके पर राजद नेता जेपी यादव, संजय कुमार निराला, सनोज यादव, राजेंद्र यादव, सुरेश साहनी, राजदेव यादव, वार्ड पार्षद रेणु ठाकुर, भरत यादव, मनोज यादव और जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। जांच टीम प्रभावित परसौना, शंकरसरैया, हरदिया और पुलवाघाट समेत कई गांवों में जाकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। इनमें मृतक प्रमोद यादव, योद्धा मांझी, परीक्षण मांझी, आलियास अंसारी, विनोद साह, ललकिशोर राय और चंदू कुमार के परिवार शामिल हैं। टीम के अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शराबबंदी पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने दावा किया कि जहरीली शराब से अबतक सैकड़ों गरीबों की जान जा चुकी है और कई लोग अपनी आंखों की रोशनी खो चुके हैं। उन्होंने सभी पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और घायलों के बेहतर इलाज की मांग की है
।

