एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाला गिरफ्तार,तलाशी में मिले 34 एटीएम कार्ड
अरेराज। थाना क्षेत्र के एक एटीएम में ग्राहकों को बहला-फुसलाकर उनका कार्ड बदलकर ठगी करने की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिसके तलाशी के उपरांत उसके पास से 34 कार्ड बरामद किए गए।
थाना प्रभारी प्रत्याशा कुमारी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान आरोपी रमेश महतो को धर दबोचा गया। गिरफ्तार आरोपी, रमेश , पिता सुकाई महतो, साकिन मठिया बरियारपुर थाना पिपराकोठी, जिला पूर्वी चंपारण का निवासी बताया गया है।पुलिस ने आरोपी के पास से अलग-अलग बैंकों के कुल 34 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। बरामद कार्डों में अधिकतर साउथ इंडिया के बैंकों के होने की बात सामने आई है, जिससे इस गिरोह के अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी किन-किन क्षेत्रों में इस तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है। साथ ही अन्य संभावित साथियों की तलाश भी जारी है।पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे एटीएम का उपयोग करते समय सतर्क रहें और किसी अनजान व्यक्ति की मदद न लें।

