चौदह मेधावी मेधावी छात्रो को मेडल व नोटबुक देकर किया गया सम्मानित
हरसिद्धि। प्रखंड क्षेत्र के सोनबरसा पंचायत स्थित मचवा चौक के श्री रामेश्वर उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय में वर्ष 2026 की बीएसईबी 10 वीं और 12 वीं वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र- छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर कुल 14 मेधावी विद्यार्थियों को मेडल, नोटबुक और कलम देकर सम्मानित किए गये, वहीं 20 अन्य छात्रों को भी प्रोत्साहन स्वरूप कलम प्रदान की गई। समारोह के दौरान विद्यालय के शिक्षकों समर्दीप कुमार, अमर कुमार, आदित्य तिवारी, रंजन कुमार, गया शंकर राम, रामेश्वर राम, अश्गर अली, सामरीन शमीम, रिंकी कुमारी एवं राज कुमारी ने छात्र-छात्राओं को मेडल पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। विद्यालय के इतिहास में पहली बार कक्षा 10 के 36 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इनमें मंजेश कुमार ने सर्वाधिक 455 अंक प्राप्त कर हरसिद्धि प्रखंड में दूसरा स्थान एवं सोनबरसा पंचायत में प्रथम स्थान हासिल किया।
वहीं छात्रा रागिनी कुमारी ने 427 अंक लाकर प्रखंड स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि उज्जवल कुमार ने 408 अंक हासिल किए। कक्षा 12 के परिणाम भी सराहनीय रहे। विज्ञान संकाय में प्रीतम कुमार ने 455 अंक प्राप्त कर प्रखंड स्तर पर स्थान बनाया, जबकि कला संकाय में अंजली कुमारी ने 433 अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। अधिकांश छात्र-छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होकर विद्यालय का नाम रोशन करने में सफल रहे।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक संतोष कुमार प्रसाद ने इस सफलता का श्रेय शिक्षकों की कड़ी मेहनत और विद्यार्थियों के समर्पण को दिया। उन्होंने कहा कि सभी विषयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नियमित परिश्रम के कारण ही यह उत्कृष्ट परिणाम संभव हो सका है। उन्होंने वर्तमान छात्रों से अपील की कि वे नियमित रूप से विद्यालय आएं और अनुशासन के साथ पढ़ाई कर विद्यालय का नाम और ऊंचा करें।

