एसडीएम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया औचक निरीक्षण
– लोगों ने पानी की समस्या की लगाई गुहार
संग्रामपुर। अरेराज एसडीएम अंजलि शर्मा ने शनिवार को संग्रामपुर सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ओपीडी,दवा वितरण काउंटर सहित प्रसव कक्ष का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिया। चिकित्सक रोस्टर पंजी में शनिवार को ओपीडी से लेकर इमरजेंसी तक की ड्यूटी दंत चिकित्सक सुरेंद्र कुमार के जिम्मे लगी हुई थी।
कारण पूछे जाने पर बीएचएम ने कहा कि सीएचसी में चिकित्सकों की कमी है। इसलिए एक चिकित्सक से चौबीस घंटे ड्यूटी ली जा रही है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम को सीएचसी परिसर में चार चापाकलों के खराब होने की शिकायत मिली।
इतने बड़े सीएचसी में मात्र दस लीटर की क्षमता वाला आरओ की व्यवस्था है।मरीजों ने कहा कि प्रतिदिन सौ से अधिक मरीज इलाज को आते हैं। फलस्वरूप एसडीएम ने बीएचएम को निर्देश दिया कि पीएचईडी को रिमांडर लेटर भेज कर चापाकलों को ठीक करावें।हालांकि इन चापाकलों को ठीक कराने का निर्देश गोविंदगंज विधायक राजू तिवारी ने जनवरी महीने में ही दिया था। उनके निरीक्षण के चार दिन बाद खुद एसडीएम ने भी जांच कर इन्हें ठीक कराने का निर्देश दिया था।लेकिन आज तक बीएचएम इन्हें ठीक कराना जरूरी नहीं समझे।
सीएचसी में एमबीबीएस और आयुष सहित सात चिकित्सक हैं। कार्यरत संग्रामपुर सीएचसी में वर्तमान में एक एमबीबीएस सामान्य चिकित्सक डॉ.अनिल कुमार कंचन जो प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के पद पर तैनात हैं। दूसरे डॉ.अविनाश कुमार हैं जो सर्जन हैं। इनके अलावा एक दंत चिकित्सक सुरेंद्र कुमार,चार आयुष चिकित्सक डॉ. महेंद्र कुमार, डॉ.धीरज कुमार, डॉ.रविशंकर कुमार तथा डॉ.सोनम कुमारी हैं। इनके अलावा आरबीएसके एक चिकित्सक डॉ.प्रकाश कुमार हैं। उनसे भी ओपीडी संचालित कराया जाता है।

