एसएसबी एवं पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नेपाली शराब बरामद, एक गिरफ्तार
रक्सौल। स्थानीय पुलिस एवं महादेवा एसएसबी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। कार्रवाई के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर लदी लगभग 52 बोतल नेपाली अंग्रेजी शराब बरामद की गई। जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष सह आईपीएस हेमंत सिंह एवं एसएसबी महादेवा बीओपी के सहायक कमांडेंट रजत मिश्रा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने महादेवा पोखरा के समीप छापेमारी की। इस दौरान दो मोटरसाइकिलों की तलाशी लेने पर उसके तेल टंकी और सीट के नीचे छिपाकर रखे एक बाइक से 30 बोतल एवं दूसरी से 22 बोतल नेपाली शराब बरामद की गई।
बरामद मोटरसाइकिलों का नंबर बीआर 05 एडी/ 7903 तथा बीआर 05 एन/ 0238 (ग्लेमर) बताया गया है, जिनमें शराब को छिपाकर रखा गया था।
कार्रवाई के दौरान रक्सौल थाना क्षेत्र के मौजे वार्ड नंबर 20 निवासी दुर्गा साह के पुत्र रोहित कुमार उर्फ कलुआ को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

