रघुनाथपुर में महिला पर हुई फायरिंग मामले में प्राथमिकी
-भूमि विवाद मे फायरिंग करने का लगा है आरोप, खोखा बरामद
मोतिहारी। रघुनाथपुर में एक महिला पर फायरिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना में महिला बाल-बाल बच गई। पुलिस ने पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, रघुनाथपुर वार्ड संख्या 29 निवासी अर्जुन कुमार की पत्नी आसमती देवी ने थाने में आवेदन देकर बताया कि वह 17 मार्च को दोपहर के समय अपने घर में खाना खा रही थीं।
इसी दौरान उन्हें घर के पीछे कुछ लोगों की आहट महसूस हुई। जब वह पीछे जाकर देखीं तो वहां पहले से घात लगाए बैठे जयलाल साहनी सहित तीन लोग रेकी कर रहे थे।
पीड़िता के अनुसार, उन्हें देखते ही आरोपी जयलाल साहनी ने कमर से देशी पिस्टल निकालकर उन पर फायरिंग कर दी। गोली चलते ही वह घबरा कर जमीन पर गिर गईं, जिससे उनकी जान बच गई। घटना के बाद उनके शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए, जिसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। आसमती देवी ने बताया है कि यह हमला जमीन विवाद को लेकर किया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। थानाध्यक्ष अलका सिंह ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

