विद्यालय परिसर में स्थित विशालकाय आम का वृक्ष गार्जियन ट्री ऑफ स्कूल घोषित
किया गया
– यूथ एंड इको क्लब’ का विधिवत गठन
पूर्वी चंपारण। जिला अंतर्गत पिपरा कोठी राजकीय बुनियादी विद्यालय, के परिसर में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनोखी और प्रेरणादायक पहल की गई है। विद्यालय में ‘यूथ एंड इको क्लब’ का विधिवत गठन किया गया, जिसके तहत विद्यालय परिसर में स्थित एक विशाल और पुराने आम के वृक्ष को ‘गार्जियन ट्री ऑफ स्कूल’ घोषित किया गया।
विद्यालय प्रशासन और इको क्लब के सदस्यों ने सर्वसम्मति से इस पुराने आम के पेड़ को स्कूल का ‘अभिभावक’ माना है। इस निर्णय का उद्देश्य छात्रों को यह संदेश देना है कि जिस तरह घर में बड़े-बुजुर्ग परिवार की रक्षा करते हैं, उसी तरह ये पुराने वृक्ष धरती और हमारे पर्यावरण के रक्षक हैं।इको क्लब के गठन के दौरान छात्र-छात्राओं ने ‘पर्यावरण के बाल संरक्षक’ के रूप में शपथ ली। क्लब के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में ‘मिशन लाइफ’ के सिद्धांतों पर चर्चा की गई।
छात्रों ने विभिन्न गमलों और रिक्त स्थानों पर नए पौधे लगाकर हरियाली का संकल्प लिया। जल संचयन, स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त परिसर बनाने पर जोर दिया गया।इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों ने कहा कि ‘गार्डियन ट्री’ घोषित करने से छात्र न केवल इस पेड़ की देखभाल करेंगे, बल्कि वे प्रकृति के प्रति अधिक संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनेंगे।
प्रधानाध्यापक पंकज कुमार शर्मा ने बताया इको क्लब का गठन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह हमारे बच्चों के संस्कारों में प्रकृति के प्रति प्रेम बोने की एक शुरुआत है। विद्यालय के पुराने आम के वृक्ष को ‘गार्डियन ट्री’ (अभिभावक वृक्ष) घोषित करने के पीछे हमारा उद्देश्य यह है कि बच्चे वृक्षों को केवल छाया या फल देने वाली वस्तु न समझें, बल्कि उन्हें अपने परिवार के बुजुर्गों की तरह सम्मान और संरक्षण दें।”

