चोरो ने दो दुकानों को बनाया निशाना,शट्टर तोड़ लाखों की चोरी
सुगौली। नगर क्षेत्र में रविवार की देर रात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। अज्ञात चोरों ने शटर तोड़कर गणपति ट्रेडर्स एवं एक किराना दुकान में घुसकर नकदी सहित लाखों रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली। घटना की जानकारी सोमवार की सुबह तब हुई, जब आसपास के लोगों ने दुकानों का शटर टूटा देखा और इसकी सूचना दुकान मालिकों को दी।
सूचना मिलते ही दुकान मालिक मौके पर पहुंचे और स्थिति देखकर स्तब्ध रह गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर थानाध्यक्ष अनिश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की और घटनास्थल का जायजा लिया। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई है। ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
राष्ट्रीय उच्च पथ स्थित किराना दुकानदार मनीष कुमार निराला के लिखित आवेदन पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।जबकि दूसरे दुकानदार के तरफ से अभी आवेदन नही दिया गया है।दुकानदारों ने बताया कि वे रोज की तरह रविवार की रात करीब साढ़े आठ बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे।

