रघुनाथपुर में पारिवारिक विवाद मे बड़े भाई ने छोटे भाई पर किया रॉड से हमला,हालत गंभीर
-पुलिस की त्वरित कार्रवाई में हमलावर बड़ा भाई गिरफ्तार
मोतिहारी/तुरकौलिया। शहर से सटे रघुनाथपुर मोहल्ले में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां बड़े भाई की पसंद के खिलाफ शादी करना छोटे भाई को भारी पड़ गया। इस विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई पर लोहे के रॉड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रघुनाथपुर निवासी किशन कुमार ने अपनी पसंद से शादी की थी, जिससे उसका बड़ा भाई सूरज राम नाराज चल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच पहले भी विवाद होता रहा था। सोमवार की सुबह यह विवाद अचानक बढ़ गया और गुस्से में आकर सूरज राम ने लोहे के रॉड से किशन कुमार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में किशन का सिर फट गया। घटना के दौरान जब उसकी पत्नी नीतू देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो आरोपी ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया।
परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल किशन को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मामले में नीतू देवी ने रघुनाथपुर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के तहतआरोपी सूरज राम को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी अलका ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है
।

