हत्या से भयभीत हार्डवेयर व्यवसायी नहीं जा रहे अपनी दुकान,30 मार्च 2025 को मारी थी गोली
– 19 मार्च 26 को घर पर बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, दहशत में पूरा परिवार
-अरेराज डीएसपी ने कहा, शूटर की हुई पहचान, गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी जारी
हरसिद्धि। थाना क्षेत्र उज्जैन लोहियार के हार्डवेयर व्यवसायी कामता मिश्र के घर पर हुई फायरिंग की घटना के बाद उनके परिवार मे दहशत का माहौल बना हुआ है। अपराधियों द्वारा 19 मार्च को रात मे उनके उज्जैन लोहियार स्थित आवास पर अंधाधुंध फायरिंग की गई , जिससे आज पूरा परिवार सहम गया है। उनका परिवार भय के कारण दहशत में है और व्यवसायी कामता मिश्र फिलहाल अपनी गायघाट स्थित दुकान पर भी नहीं जा रहे हैं।
घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से उनके घर पर पुलिस बल की तैनाती कर दी है। वही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि फायरिंग में शामिल शूटर की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले का खुलासा हो सकता है।
इस मामले में कामता मिश्र ने आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें शहर के ठेकेदार सुरेंद्र सिंह को आरोपित बनाया गया है। प्रारंभिक चर्चा के अनुसार, यह घटना रुपये के लेन-देन के विवाद से जुड़ी बताई जा रही है। गौरतलब है कि यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले 30 मार्च 2025 को भी गायघाट स्थित उनकी दुकान में घुसकर अपराधियों ने उनके सिर में गोली मार दी थी।
काफी जद्दोजहद के बाद वह जिंदगी की जंग जीते और अस्पताल से ठीक होकर घर आए। इस बाबत अरेराज डीएसपी रवि कुमार ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

