केसरिया महोत्सव की तैयारियों का विधायक ने लिया जायजा,दिए निर्देश
-सुप्रसिद्ध गायिका मालिनी अवस्थी एवं सूफी गायक कुमार सत्यम को सुन सकेंगे लोग
मोतिहारी। विधायक केसरिया शालिनी मिश्रा ने अनुमंडल पदाधिकारी चकिया शिवानी शुभम के साथ केसरिया महोत्सव आयोजन स्थल पर महोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया। केसरिया महोत्सव का आयोजन 21, 22 एवं 23 मार्च को किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती मिश्रा के द्वारा आयोजन स्थल पर आगमन एवं निकास की समुचित व्यवस्था रखने की बात कही गई ताकि महोत्सव में आने वाले किसी भी व्यक्ति को कोई परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि आयोजन को इस तरह से भव्य रूप दिया जाए ताकि यहां आने वाले सभी नागरिक यहां से एक अच्छा संदेश लेकर वापस जाएं।
अभी पंडाल निर्माण का कार्य किया जा रहा है।आ वहां पर प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चल रही तैयारियों के विषय में जानकारी प्राप्त के बाद दिशा निर्देश दिये।
बताते चले कि महोत्सव के पहले दिन 21 मार्च को संध्या 5:00 बजे महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा तत्पश्चात संध्या 6:30 बजे से सुप्रसिद्ध गायिका मालिनी अवस्थी एवं सुप्रसिद्ध सूफी गायक कुमार सत्यम का कार्यक्रम होगा। 22 मार्च को 3:00 बजे से बौद्ध धर्म पर परिचर्चा एवं संध्या के 7:00 बजे से भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया है। महोत्सव के अंतिम दिन 23 मार्च को संध्या 6:30 बजे से सुप्रसिद्ध बॉलीवुड गायक ऐश्वर्य पंडित एवं अतुल पंडित का कार्यक्रम निश्चित है। विधायक के द्वारा महोत्सव स्थल पर चल रहे कार्यों को भी देखा गया, उपस्थित पदाधिकारी से बात कर सभी जरूरी जानकारी प्राप्त की गई।
इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी केसरिया,शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, उद्योग विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस, जीविका,विद्युत एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

