हरसिद्धि में आंगनबाड़ी केंद्रों तक गैस की होम डिलीवरी जारी,पोषाहार व्यवस्था बनी सुचारु

हरसिद्धि में आंगनबाड़ी केंद्रों तक गैस की होम डिलीवरी जारी,पोषाहार व्यवस्था बनी सुचारु
Facebook WhatsApp

मोतिहारी। हरसिद्धि प्रखंड क्षेत्र में घरेलू गैस की कमी के बीच भी आंगनबाड़ी केंद्रों पर गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी सुविधा निरंतर जारी है। सिसवा इंडेन गैस एजेंसी द्वारा उपभोक्ताओं, खासकर आंगनबाड़ी केंद्रों की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, ताकि बच्चों के लिए बनने वाले पोषाहार में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

शुक्रवार को सिसवा इंडेन गैस की ओर से हरपुर राय, गायघाट सहित अन्य पंचायतों के आंगनबाड़ी केंद्रों पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। सरकार द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार निर्माण के लिए गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए गए हैं, ऐसे में समय पर गैस की आपूर्ति बेहद आवश्यक मानी जा रही है। सिसवा इंडेन गैस के संचालक ने बताया कि उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा प्रदान करना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गैस की कमी को लेकर उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है, सभी को समय पर गैस उपलब्ध कराई जाएगी। एजेंसी लगातार प्रयासरत है कि किसी भी उपभोक्ता को परेशानी न हो।

वहीं, आंगनबाड़ी केंद्रों की सेविकाओं ने भी इस पहल पर संतोष जताया है। आंगनबाड़ी केंद्र दनही की सेविका आशा कुमारी, रानीछपरा की सेविका रंजना गुप्ता, वीणा कुमारी, हरपुर राय की सेविका पूनम गुप्ता तथा अहिरगवा की सेविका अर्चना कुमारी ने बताया कि गैस की समस्या के कारण वे काफी चिंतित हो गई थीं। उन्हें डर था कि कहीं फिर से चूल्हे पर खाना बनाने की स्थिति न आ जाए, जिससे पोषाहार व्यवस्था प्रभावित होती।सेविकाओं ने कहा कि अब नियमित गैस आपूर्ति शुरू होने से राहत मिली है और वे सुचारु रूप से बच्चों के लिए पोषाहार तैयार कर पा रही हैं।

इस व्यवस्था से न केवल कार्य में सुविधा हुई है, बल्कि समय की भी बचत हो रही है। कुल मिलाकर, सिसवा इंडेन गैस की पहल से हरसिद्धि प्रखंड के आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषाहार वितरण की व्यवस्था निर्बाध रूप से जारी है, जिससे स्थानीय लोगों में संतोष का माहौल है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page