शांति एवं सौहाद्रपूर्ण वातावरण व आपसी भाईचारे के बीच मनाएं ईद का पर्वः जिलाधिकारी

शांति एवं सौहाद्रपूर्ण वातावरण व आपसी भाईचारे के बीच मनाएं ईद का पर्वः जिलाधिकारी
Facebook WhatsApp

-नहीं बक्शे जायेंगे  असामाजिक तत्व, होगी कठोर कार्रवाईः एसपी

-जिला शांति समिति सदस्यों के साथ हुई बैठक 

मोतिहारी। जिलाधिकारी  सौरभ जोरवाल एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात की संयुक्त अध्यक्षता में गुरुवार को ईद पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक समाहरणालय स्थित डॉ राधाकृष्णन सभागार में संपन्न हुई।  सर्वप्रथम शांति समिति के सदस्यो  का स्वागत किया गया, तत्पश्चात ईद पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विभिन्न समितियों के द्वारा की गई तैयारी की  जानकारी ली गई। 

जिलाधिकारी ने कहा कि हमेशा की तरह संपूर्ण जिलावासी गंगा जमुनी तहजीब का बेहतरीन उदाहरण पेश करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के बीच संपन्न कराये।  प्रशासनिक स्तर पर भी सभी तैयारी पूरी कर ली गई है।  थाना स्तर एवं अनुमंडल स्तर पर शांति समितियों का बैठक कर सभी जरूरी निर्देश दे दिए गए हैं। जिला भर में चिन्हित कुल 509 स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी सहित पुलिस बल की  प्रतिनियुक्ति की गई है।

सदर अनुमंडल में 192, चकिया अनुमंडल में 70, पकड़ीदयाल में 39, सिकरहना(ढाका)में 118,रक्सौल में 38 तथा अरेराज अनुमंडल में 52 चिन्हित स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिला स्तर पर 24 घंटा जिला नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा। यह नियंत्रण कक्ष 06252-242418 पर कार्यरत रहेगा।  सभी छः अनुमंडल में भी नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। सभी क्षेत्रीय पदाधिकारी- प्रखंड विकास पदाधिकारी,अंचल अधिकारी,थाना प्रभारी,अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी लगातार क्षेत्र में रहेंगे एवं छोटी से छोटी घटनाओं पर नजर रखेंगे। 

किसी तरह की घटना की सूचना तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष को देंगे ताकि  समय रहते कार्रवाई की जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान नहीं देना है। सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखने के  निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में उपस्थित पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस विभाग की साइबर टीम सक्रिय है एवं पल-पल सोशल मीडिया पर नजर रख रही है। अगर कहीं से कोई पोस्ट जो संदिग्ध है अथवा जानबूझकर के प्रसारित किया गया है तो प्रसारित करने वाले बचेंगे नहीं, तय है विधि सम्मत कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि सादे लिवास में पुलिस बल के जवान, सभी संवेदनशील स्थलों पर मौजूद रहेंगे जो हर एक चीजों पर नजर रखेंगे। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने, शांति भंग करने वाले या कानून को हाथ में लेने वाले असमाजिक तत्वों पर तत्काल विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।‌ बीडीओ,सीओ एवं थानाध्यक्ष  आपस में समन्वय बनाकर लगातार सभी संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कर स्थिति पर कड़ी नजर रखेंगे। 

 किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए नियंत्रण कक्ष में दंगा नियंत्रण कंपनी, वज्रवाहन, अग्निशमन, आदि  की तैनाती की गई है। अग्निशमन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि अग्निशाम दस्ता को हर समय तैयार रखेंगे, ताकि आपात स्थिति में निपटा जा सके।  जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा संपूर्ण जिला वासियों से आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के वातावरण में ईद, चैती छठ एवं रामनवमी के त्यौहार को मनाने की अपील की है। 

बैठक में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के साथ महापौर नगर निगम मोतिहारी  प्रीति कुमारी, सांसद प्रतिनिधि पश्चिमी चंपारण  प्रदीप सर्राफ, पीसीआरओ, नगर आयुक्त, सदर एसडीओ, पुलिस उपाधीक्षक, जिला भू अर्जन पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी जिलाधिकारी के विशेष कार्य पदाधिकारी, उप महापौर नगर निगम  एवं शांति समिति के  सदस्यगण उपस्थित थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page