इंदौर में कार चार्जिंग के दौरान लगी आग, बिहार के छह लोगों की मौत
इंदौर। मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर में कार की चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गयी, जिसने विकराल रूप ले लिया। इस हादसे में आठ लोगों की मौत के साथ कई लोग झुलस गये। मरनेवालों में बिहार के किशनगंज निवासी विजय सेठिया सहित उनके परिवार के छह लोग शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को बंगाली चौराहा क्षेत्र में स्थित बृजेश्वरी कॉलोनी में कार को चार्ज किया जा रहा था, तभी चार्जिंग के दौरान आग लग गयी और देखते ही देखते इस आग ने विकराल रूप ले लिया। पूरी इमारत में आग की लपटें नजर आने लगीं। इस आग की चपेट में घर के अंदर रखे गैस सिलेंडर भी आ गए और एक-एक कर कई गैस सिलेंडर में धमाका हुआ। इसके चलते मकान का कुछ हिस्सा भी ढह गया है। बताया गया है कि आग लगने और गैस सिलेंडरों के धमाके के चलते बिजली आपूर्ति बाधित हो गयी। परिणाम स्वरूप कमरों के डिजिटल लॉक खुल नहीं पाया, जिससे कमरों में सो रहे लोग बाहर नहीं निकाल पाए और उनकी
मौत हो गयी। वहीं कुछ लोग गंभीर रूप से झुलस गये।

मप्र के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि इंदौर में हुई अग्नि दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। हादसे में दिवंगत नागरिकों को विनम्र श्रद्धांजलि। उन्होंने कहा कि मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

