नगरवासियो की सुविधा को ध्यान में रखकर विभिन्न विकास कार्य में खर्च होंगे 197 करोड़ : सभापति
-नगर परिषद की सामान्य बोर्ड की बैठक आयोजित की गई
रक्सौल। आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 पर चर्चा को लेकर बुधवार को नगर परिषद कार्यालय के सभाकक्ष में सामान्य बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 को लेकर बजट सदन के पटल पर रखा गया। इस दौरान शहर के अंदर विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के संचालन को लेकर कुल 197 करोड़ रूपये का बजट बैठक में पेश किया गया, जिसे पार्षदों ने सर्वसम्मति से पारित किया।
बैठक का संचालन कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार कर रहे थे। बजट के संबंध में आवश्यक जानकारी देते हुए कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि स्वच्छ रक्सौल-सुंदर रक्सौल बनाने के मकसद से इस बजट में हर तरह की बातों का समावेश किया गया है। बजट में विशेषकर नल-जल योजना, गली-मोहल्ले की सड़क व नाले का निर्माण, आपदा की स्थिति में निपटने के लिए विशेष फंड के साथ-साथ बच्चों के लिए चिल्ड्रेन पार्क , नागरिक उद्यान के साथ-साथ शौचालय, पिंक शौचालय, पूरे शहर में स्ट्रीट लाइट का अधिष्ठापन सहित अन्य नागरिक सुविधाओं के लिए राशि का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने बताया कि ध्वनिमत से पास किए गए बजट 2026-27 को अब अनुमोदन के लिए विभाग को भेजा जाएगा। वहीं कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी ने कहा कि बजट शहर के विकास को ध्यान में रखकर बनाया गया है। जो जिम्मेवारी जनता ने हम सभी के कंधे पर दी है, उसका सही तरीके से अनुपालन हो, इसको ध्यान में रखकर काम किया जा रहा है।
मौके पर पार्षद डिंपल चौरसिया, अनुरागनी देवी, रंभा देवी, सीमा गुप्ता, अंतिमा देवी, रवि कुमार गुप्ता, कुंदन सिंह, मुकेश कुमार, जितेन्द्र दत्ता, मो. अब्बास, ओम कुमार, पन्ना देवी सहित नगर प्रबंधक अवीनाश कुमार राव, प्रभारी प्रधान सहायक चंदेश्वर बैठा, कनीय अभियंता राज कुमार राय, पंकज कुमार सिंह, अजीत कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य नप कर्मी मौजूद थे।

